रायपुर। छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रमुख अमित जोगी ने पुलिस पर उन्हें हाउस अरेस्ट करने का आरोप लगाया है। जोगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्हें अपने ही घर में नजरबंद कर दिया गया है। उनका कहना है कि वे नए विधानसभा भवन से ‘मिनी माता’ का नाम हटाए जाने के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
अमित जोगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को टैग करते हुए लिखा—
> “छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस पर काले कपड़े पहनना अब अपराध बन गया है। क्या लोकतंत्र इतना कमजोर है कि काले कपड़ों से डर जाए? यही है आपका अमृत काल?”
गौरतलब है कि अमित जोगी ने 31 अक्टूबर को नए विधानसभा भवन के उद्घाटन निमंत्रण पत्र को जलाकर विरोध जताया था। उन्होंने कहा था कि राज्य के पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने पुराने विधानसभा भवन का नाम मिनी माता के नाम पर रखा था, ताकि नारी सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय की भावना बनी रहे।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मांग की थी कि नया निमंत्रण पत्र “मिनी माता विधानसभा भवन, नया रायपुर” नाम से जारी किया जाए। जोगी ने चेतावनी दी थी कि यदि ऐसा नहीं किया गया, तो वे प्रदेश के विधायकों और पूर्व विधायकों से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बहिष्कार की अपील करेंगे।
