छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने किया नए विधानसभा भवन का लोकार्पण, कहा — ‘यह स्वर्णिम शुरुआत का दिन है’

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवा रायपुर में बने नए विधानसभा भवन का लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए स्वर्णिम शुरुआत का दिन है। उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह आत्मीय जुड़ाव का क्षण है। एक कार्यकर्ता के रूप में मैंने छत्तीसगढ़ की धरती पर लंबे समय तक काम किया और यहां की माटी से बहुत कुछ सीखा।”

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2025 भारत के गणतंत्र का अमृत वर्ष है। उन्होंने याद दिलाया कि 75 साल पहले हमारे देश ने संविधान को अपनाया था, जो हर भारतीय के लिए गौरव का प्रतीक है।

पीएम मोदी ने इस मौके पर संविधान निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले महान नेताओं — रविशंकर शुक्ल, बैरिस्टर छेदीलाल, किशोरीमोहन त्रिपाठी, रामप्रसाद पोटाय और रघुराज जी — को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने संत गुरु घासीदास जी को भी नमन करते हुए कहा कि उनका संदेश आज भी समाज को एकता, समानता और न्याय की प्रेरणा देता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नया विधानसभा भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की नई पहचान और प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह भवन आने वाले वर्षों में राज्य की जनभावनाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।