1 नवंबर से लागू हुए बड़े बदलाव: बैंकिंग, जीएसटी, पेंशन और आधार से जुड़े नियमों में आम जनता पर सीधा असर

नवंबर महीने की शुरुआत के साथ ही देशभर में कई बड़े नियम बदल गए हैं, जिनका सीधा असर आम जनता की जेब और सुविधाओं पर पड़ेगा। बैंकिंग से लेकर जीएसटी और पेंशन तक—कई क्षेत्रों में नई व्यवस्था लागू हो चुकी है। आइए जानते हैं क्या-क्या बदलाव हुए हैं आज से—

1. बैंक नॉमिनी नियमों में बदलाव
आज से बैंक ग्राहकों को अपने खाते या लॉकर के लिए चार नॉमिनी जोड़ने की सुविधा मिलेगी। पहले केवल एक नॉमिनी जोड़ने का विकल्प था। बैंकों का कहना है कि यह कदम आपातकालीन स्थिति में ग्राहकों की संपत्ति को सही व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद करेगा। साथ ही नॉमिनी जोड़ने की प्रक्रिया को भी सरल बना दिया गया है।

2. नए जीएसटी स्लैब लागू
सरकार ने जीएसटी ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। अब देश में केवल दो ही प्रमुख स्लैब रह गए हैं — 5% और 18%। इसके अलावा लक्जरी आइटम्स पर 40% जीएसटी लागू होगा। इससे कुछ वस्तुओं पर टैक्स घटेगा तो कुछ पर बढ़ भी सकता है।

3. यूपीएस चयन की डेडलाइन बढ़ी
जो कर्मचारी एनपीएस की जगह यूनिफाइड पेंशन सिस्टम (UPS) अपनाना चाहते हैं, उनके लिए राहत की खबर है। सरकार ने डेडलाइन बढ़ाकर 30 नवंबर 2025 कर दी है। अब तक इसका चयन नहीं करने वालों को एक और मौका मिला है।

4. पेंशनर्स को देना होगा जीवित प्रमाण पत्र
हर साल की तरह इस बार भी पेंशनर्स को जीवित प्रमाण पत्र (Life Certificate) जमा कराना अनिवार्य होगा। इसे बैंक या जीवन प्रमाण पोर्टल के जरिए जमा किया जा सकता है। समय पर प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर पेंशन रुक सकती है।

5. पीएनबी बदल रहा लॉकर चार्ज
पंजाब नेशनल बैंक जल्द ही लॉकर शुल्क में बदलाव करने जा रहा है। हालांकि, नए चार्ज लागू होने में अभी कम से कम 30 दिन का समय रहेगा। बैंक जल्द ही इसका आधिकारिक ऐलान करेगा।

6. एसबीआई कार्ड धारकों पर नया शुल्क
अब एसबीआई क्रेडिट कार्ड धारकों को मोबिक्विक या क्रेड जैसे ऐप्स के जरिए एजुकेशन से जुड़ी पेमेंट्स करने पर 1% फीस देनी होगी। इतना ही नहीं, एक हजार रुपये से अधिक राशि डिजिटल वॉलेट में जोड़ने पर भी 1% चार्ज लागू होगा।

7. आधार कार्ड अपडेट के नियम बदले
अब 1 साल तक के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट फ्री रहेगा। पहले इसके लिए 125 रुपये देने पड़ते थे।
वहीं, वयस्कों को—

नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर अपडेट करने पर 75 रुपये,

फिंगरप्रिंट या रेटिना अपडेट करने पर 125 रुपये देने होंगे।

इन सभी बदलावों का असर आपकी जेब, बैंकिंग सेवाओं और दैनिक लेन-देन पर सीधे तौर पर पड़ेगा। इसलिए इन नए नियमों की जानकारी समय रहते जरूर लें।