पारंपरिक खेलों के महाकुंभ ‘बस्तर ओलंपिक’ का रंगारंग शुभारंभ…

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले के तोकापाल और दरभा विकासखंड में पारंपरिक खेलों के महाकुंभ ‘बस्तर ओलंपिक’ का रंगारंग शुभारंभ हुआ। इस मौके पर बस्तर सांसद महेश कश्यप और चित्रकोट विधायक विनायक गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खेलों का उद्घाटन करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और स्वयं भी मैदान में उतरकर प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिससे दर्शकों में उत्साह दोगुना हो गया।

ओलंपिक में कबड्डी, रस्साकशी, तीरंदाजी, दौड़, लंबी कूद और वॉलीबॉल समेत 16 पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 42 पंचायतों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लेकर बस्तर की गौरवशाली खेल संस्कृति का प्रदर्शन किया। खेल मैदान में हर ओर जोश, जयघोष और लोकगीतों की गूंज सुनाई दी।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि, “बस्तर ओलंपिक ग्रामीण खेलों को नई पहचान दे रहा है। यह आयोजन युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और एकता की भावना को सशक्त बनाता है।” वहीं विधायक विनायक गोयल ने कहा, “इन खेलों के माध्यम से बस्तर की परंपराएं नई पीढ़ी तक पहुंच रही हैं। यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रखने का शानदार प्रयास है।”