भाटापारा में युवा कांग्रेस महासचिव पर प्राणघातक हमला — सत्ता के संरक्षण में बढ़ रहा अपराध, पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल

भाटापारा। कल देर रात बस स्टैंड स्थित बबलू पान ठेला के पास एक निंदनीय और शर्मनाक घटना घटित हुई, जिसमें युवा कांग्रेस के विधानसभा महासचिव श्री गोविंदा देवदास पर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उज्ज्वल मानिकपुरी, गौतम मानिकपुरी सहित लगभग 20-25 लोगों ने मिलकर प्राणघातक हमला किया।

घटना उस समय की है जब भाटापारा विधायक माननीय इंद्र साव जी अपने वाहन से बस स्टैंड क्षेत्र से गुजर रहे थे। उसी दौरान भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उज्ज्वल मानिकपुरी द्वारा विधायक जी के प्रति अभद्र टिप्पणी की गई। पास में मौजूद युवा कांग्रेस नेता श्री गोविंदा देवदास ने इसका विरोध करते हुए उन्हें इस तरह की अशोभनीय भाषा का प्रयोग न करने की सलाह दी। इसी बात से नाराज़ होकर उज्ज्वल मानिकपुरी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और श्री देवदास पर धारदार हथियारों एवं अन्य वस्तुओं से बेरहमी से हमला कर दिया।

हमले में श्री देवदास को सिर पर गंभीर चोट, हाथ में फ्रैक्चर तथा पीठ पर अनेक घाव आए हैं। हमलावरों ने न केवल हमला किया, बल्कि उनके सोने की चैन और हाथ में पहनी बेसलेट भी लूट ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले के दौरान उज्ज्वल मानिकपुरी ने यह तक कहा —

> “तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे, मेरा नेता शिवरतन शर्मा व नगरपालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा है।”

 

घटना के बाद घायल अवस्था में श्री देवदास ने तत्काल थाना पहुँचकर शिकायत दर्ज कराई, किंतु पुलिस ने कई घंटे बाद रिपोर्ट दर्ज की और मामले की गंभीरता के बावजूद केवल सामान्य धाराओं में अपराध दर्ज किया।
शिकायतकर्ता ने स्पष्ट बताया है कि हमला पूर्वनियोजित एवं संगठित रूप से किया गया था, जिसमें उसकी जान लेने का प्रयास भी शामिल था, फिर भी पुलिस ने धारा 307 (हत्या का प्रयास) और 394 (लूट के दौरान चोट पहुँचाना) जैसी गंभीर धाराएँ नहीं लगाईं।

युवा कांग्रेस ने इस पूरी घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि यह हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक शालीनता पर सीधा प्रहार है।
सत्ता के दबाव में पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई न करना लोकतंत्र के लिए अत्यंत चिंताजनक है।
युवा कांग्रेस की माँग है कि —

1. सभी आरोपियों पर प्राणघातक हमले और लूट की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया जाए।

2. सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए।

3. प्रकरण की निष्पक्ष जाँच उच्च-स्तरीय अधिकारियों से कराई जाए।

 

वर्तमान में श्री गोविंदा देवदास उपचाराधीन हैं और उन्होंने न्याय की गुहार लगाई है।
भाटापारा युवा कांग्रेस परिवार ने स्पष्ट कहा है कि —

> “अन्याय और गुंडागर्दी के खिलाफ हमारा संघर्ष जारी रहेगा, चाहे सत्ता कितनी भी ताकत क्यों न दिखाए।”