दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट की भोपाल में इमरजेंसी लैंडिंग, विमान में धुआं उठने की सूचना

भोपाल। दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-2487 को सोमवार को भोपाल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में धुआं उठने की सूचना मिलने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया था।

जानकारी के मुताबिक, विमान में कुल 164 यात्री (POB 164) सवार थे। उड़ान के दौरान केबिन क्रू ने धुएं जैसी गंध महसूस की, जिसके बाद पायलट ने तत्काल एटीसी से संपर्क कर आपात स्थिति की सूचना दी। एटीसी ने तुरंत भोपाल एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग की अनुमति दी।

विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी यात्री या क्रू मेंबर को कोई चोट नहीं लगी।

एयर इंडिया की तकनीकी टीम विमान की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक आशंका तकनीकी गड़बड़ी या वायरिंग सिस्टम में फॉल्ट की बताई जा रही है।

एयरपोर्ट प्रशासन ने एहतियातन रनवे को कुछ समय के लिए बंद रखा और दमकल विभाग को हाई अलर्ट पर रखा गया था।