विधानसभा चुनाव: पहले चरण के प्रचार का शोर थमा, अब घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क का अंतिम दौर

विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार का शोर मंगलवार शाम थम जाएगा। इसके साथ ही प्रत्याशियों के पास अब सिर्फ 24 घंटे का समय बचेगा, जिसमें वे अपने स्थानीय समर्थकों के साथ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे।

पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होना है। इन सीटों पर कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं, 1314 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम के बटन में बंद हो जाएगी।

चुनाव आयोग ने सभी जिलों के पर्यवेक्षकों और अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मतदान दिवस को लोकतंत्र के “उत्सव” के रूप में मनाया जाए। साथ ही मतदाताओं को बड़ी संख्या में मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया जाए।

चुनाव आयोग ने कहा है कि मतदान केंद्रों पर सुविधाजनक और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित किया जाए ताकि मतदाता बिना किसी बाधा के मतदान कर सकें।