इंदौर में बड़ा सड़क हादसा: बस खाई में गिरी, तीन की मौत और 38 घायल — चालक पर नशे में होने का आरोप

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां यात्रियों से भरी बस खाई में गिर गई। इस हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 38 यात्री घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सिमरोल थाना क्षेत्र के भेरू घाट पर हुई। बस में लगभग 40 से अधिक यात्री सवार थे।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) यांगचेन डोलकर भूटिया ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जो बस के आगे की सीटों पर बैठे थे। मृतकों की पहचान की जा रही है।

पुलिस और प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान चलाकर बस में फंसे सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
हालांकि, घटनास्थल से सामने आए एक वीडियो में एक व्यक्ति यह आरोप लगाते हुए सुना जा सकता है कि बस चालक नशे में था और उसी के कारण बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।

फिलहाल बस चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।