अफगानिस्तान में भूकंप ने मचाई भयंकर तबाही…

अफगानिस्तान में आधी रात आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई है. 6.4 तीव्रता वाले इस भूकंप का केंद्र मजार-ए-शरीफ शहर से 51 किलोमीटर दूर था. इस भूकंप से ‘रौज़ा मुबारक’ यानी हजरत अली की दरगाह को भी नुकसान पहुंचा है.

अफगानिस्तान में बीती रात आए 6.4 तीव्रता के भूकंप ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है. इस भूकंप  का केंद्र समनगान प्रांत में मजार-ए-शरीफ शहर से 51 किलोमीटर और खुल्म शहर से 23 किलोमीटर दूर था. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, यह झटका जमीन से करीब 28 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया.
समनगान प्रांत के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है और 140 से अधिक लोग घायल हुए हैं. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. मनगान और बाल्ख प्रांतों के कई गांवों में भारी नुकसान की खबरें हैं. मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है, और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
इस भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में मजार-ए-शरीफ भी शामिल है, जहां स्थित मशहूर ‘रौज़ा मुबारक’ यानी हजरत अली की दरगाह को भी नुकसान पहुंचा है. इस ऐतिहासिक दरगाह की सजावटी टाइलें और ईंटें गिर गईं, और आसपास का इलाका मलबे से भर गया. सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि मजार की दीवारों पर दरारें आ गई हैं और नीले गुंबदों से टाइलें टूटकर गिरीं.