बिलासपुर में बड़ा रेल हादसा : पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी की टक्कर, कई लोगों की मौत, कई घायल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी के बीच भीषण टक्कर हो गई है। हादसे में अब तक कई लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, हादसा बिलासपुर-कटनी सेक्शन के अंतर्गत हुआ है, जो कि रेलवे का बेहद व्यस्त मार्ग माना जाता है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय प्रशासन पहुंच चुका है।

रेस्क्यू अभियान जारी है। मेडिकल यूनिट और राहत टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया है। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।

हादसे के बाद पूरे सेक्शन में ट्रेन परिचालन ठप हो गया है। कई ट्रेनों को रद्द या रूट डायवर्ट किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।

ओवरहेड वायर और सिग्नल सिस्टम को नुकसान पहुंचा है, जिससे ट्रैक की बहाली में समय लग सकता है। हादसे के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी मची हुई है और स्थानीय लोग भी मदद के लिए मौके पर जुटे हुए हैं।

फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।