छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग में 3.98 लाख का गबन, तत्कालीन लेखा अधिकारी पर केस दर्ज

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग कार्यालय में पदस्थापना के दौरान तत्कालीन लेखा अधिकारी विनोद साहू पर लगभग 3 लाख 98 हजार 553 रुपए के गबन का आरोप लगा है। आयोग में अकाउंट से जुड़ी गड़बड़ी सामने आने के बाद जब विभागीय जांच कराई गई, तो पूरा घोटाला उजागर हुआ।

आयोग के अधीक्षक जे.आर. निराला की शिकायत पर देवेंद्र नगर पुलिस ने आरोपी लेखा प्रभारी के खिलाफ अमानत में ख्यानत और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

थाना प्रभारी के अनुसार, जांच में यह सामने आया कि 7 सितंबर 2017 को अपनी पोस्टिंग के दौरान विनोद साहू ने विभागीय राशि का गलत ट्रांजेक्शन किया और कई किश्तों में जो रकम विभाग के खाते में जानी थी, उसे अपने निजी खाते में जमा कराया।

आयोग द्वारा गठित जांच समिति ने अपने निष्कर्ष में इन आरोपों को सत्य पाया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।