भाटापारा। नगर के हृदय स्थल पर खुली नई प्रीमियम शराब दुकान के विरोध में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। स्थानीय कांग्रेस विधायक इंद्र साव के नेतृत्व में कांग्रेसजन और बड़ी संख्या में नागरिकों ने शराब दुकान के सामने एकदिवसीय धरना प्रदर्शन कर करीब तीन घंटे की तालाबंदी की।
धरना स्थल पर उपस्थित विधायक इंद्र साव ने कहा कि “भाटापारा का शांत माहौल सरकार की नीतियों के कारण अशांत हो चुका है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, आए दिन चाकूबाजी और नशे से जुड़ी घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन मौन दर्शक बना हुआ है और जनता असुरक्षित महसूस कर रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि “नगर के बीचोंबीच प्रीमियम शराब दुकान खोलकर युवाओं को नशे की दलदल में धकेला जा रहा है। जब तक यह दुकान बंद नहीं होगी, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। यह लड़ाई सिर्फ शराब के खिलाफ नहीं बल्कि सरकार की संवेदनहीनता के खिलाफ है।”
धरना स्थल पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे ने कहा कि “सरकार ने भाटापारा की शांति और सादगी को नशे और अपराध के हवाले कर दिया है। प्रशासन राजनैतिक दबाव में काम कर रहा है और जनता की आवाज को अनसुना किया जा रहा है।” उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक यह दुकान बंद नहीं होती, कांग्रेस की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी।
धरना स्थल पर सतीश अग्रवाल, राजकुमार शर्मा, आलोक मिश्रा, रोशन हबलानी, अरुण यदु, टेकसिंह ध्रुव, धनंजय तिवारी, दिवाकर मिश्रा, नानू सोनी, चंद्रशेखर चक्रधारी, मुकेश साहू, सत्यजीत शैंडे समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे।
शाम को प्रदर्शनकारियों ने शराब दुकान में ताला जड़कर विरोध दर्ज कराया। शासन-प्रशासन की ओर से कोई आश्वासन नहीं मिलने पर कांग्रेसजनों ने निर्णय लिया कि यदि दुकान बंद नहीं होती, तो कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक जयंती के बाद प्रतिदिन शाम 5 से रात 8 बजे तक धरना जारी रहेगा।
धरने के दौरान “शराब दुकान बंद करो”, “जनविरोधी सरकार मुर्दाबाद”, “भाटापारा की शांति लौटाओ” जैसे नारे गूंजते रहे।
इस मौके पर सुशील शर्मा, शैली भाटिया, जितेन्द्र शर्मा, मनमोहन कर्रे, किशन निर्मलकर, मोहन निषाद, शदाब जलियावाला, हरीश लहरे, विवेक यदु, रवि ध्रुव, दीपक वर्मा, राजेंद्र वर्मा, अय्यूब खान, ठाकुर राम साहू, सोनू पटाक, साजिद खान, सुनीता यादव, गुलशन साहू, शशांक चौबे, आशा ध्रुव, सीमा रात्रे, पूर्णिमा श्रीवास, निर्मला कौशले, और अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई व सेवादल के पदाधिकारी भारी संख्या में उपस्थित रहे।
