बिलासपुर ट्रेन हादसा… CM विष्णुदेव साय की बड़ी घोषणा,, दिवंगतों के परिजनों को 5 लाख, घायलों को 50 हज़ार की सहायता राशि देने की घोषणा

रायपुर, 4 नवम्बर 2025 — बिलासपुर के पास हुई भीषण ट्रेन दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे को अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक बताया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत यात्रियों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें यह असहनीय दुख सहने की शक्ति दें और दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने घोषणा की कि राज्य सरकार हादसे में मृत यात्रियों के परिजनों को ₹5 लाख और घायलों को ₹50 हज़ार की आर्थिक सहायता राशि देगी। साथ ही उन्होंने बताया कि घायलों के निःशुल्क और समुचित इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और रेलवे की टीमें मौके पर पूरी तत्परता से जुटी हुई हैं। घायलों के इलाज के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री साय ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और हर आवश्यक कदम तुरंत उठाए जा रहे हैं ताकि किसी भी तरह की लापरवाही न हो और पीड़ितों को जल्द से जल्द सहायता मिल सके।