मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। चुनार रेलवे स्टेशन पर कालका एक्सप्रेस की चपेट में आने से कई श्रद्धालुओं की मौत हो गई। रेलवे प्रशासन ने अब तक 6 महिलाओं की मौत की पुष्टि की है, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 9:30 बजे चोपन से आने वाली एक पैसेंजर ट्रेन चुनार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची थी। ट्रेन में भारी भीड़ होने के कारण कुछ श्रद्धालु प्लेटफॉर्म की बजाय दूसरी ओर ट्रैक से उतरने लगे। इसी दौरान दूसरे ट्रैक से तेज रफ्तार से कालका एक्सप्रेस गुज़र रही थी, जो चुनार स्टेशन पर नहीं रुकती। श्रद्धालु कुछ समझ पाते, इससे पहले ही 7-8 लोग ट्रेन की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई यात्रियों के शरीर के अंग रेलवे ट्रैक पर बिखर गए। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।
> स्थानीय लोग हादसे से आक्रोशित
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में स्टेशन पहुंच गए। लोगों ने रेलवे प्रशासन पर अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर स्थिति संभालने में जुटे हैं।
