5 नवंबर 2025 : तीन तलाक पर अपने पति से कानूनी लड़ाई लड़ने वाली इंदौर की शाहबानो पर बनी फिल्म ‘हक’ की रिलीज पर विवाद गहरा गया है। शाहबानो की बेटी सिद्दिका बेगम ने फिल्म पर आपत्ति जताते हुए हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में याचिका लगाई थी, जिस पर मंगलवार को दो घंटे चली सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया गया है।
सिद्दिका बेगम खान ने फिल्म के रिलीज, प्रदर्शन और प्रमोशन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने फिल्म के डायरेक्टर सुपर्ण एस. वर्मा, जंगली पिक्चर्स, बावेजा स्टूडियोज और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के चेयरपर्सन को कानूनी नोटिस भेजा है।
सिद्दिका बेगम के वकील तौसीफ वारसी ने बताया कि फिल्म मेकर्स ने शाहबानो पर फिल्म बनाने से पहले उनकी कानूनी वारिस से कोई अनुमति नहीं ली। याचिका में कहा है कि फिल्म में शरिया कानून की नकारात्मक छवि दिखाई गई है, जिससे मुस्लिम समुदाय की भावनाएं आहत हो सकती हैं।
याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट तौसीफ वारसी, जंगली पिक्चर की ओर से सीनियर एडवोकेट अजय बागडिया, इंसोमनिया मीडिया एंड कंटेट सर्विसेज लिमिटेड की तरफ से हितेश मेहता और मिनिस्ट्री ऑफ ब्रॉडकास्ट की ओर से एडवोकेट रोमेश दवे उपस्थित हुए।
याचिकाकर्ता सिद्दीकी बेगम की ओर से एडवोकेट तौसीफ वारसी ने तर्क रखे कि फिल्म के टीजर और ट्रेलर में जो दिखाया गया है, उसमें कुछ ईवेंट्स ऐसे बताए हैं जो मां की प्रतिष्ठा, सम्मान को धूमिल करते हैं। इसमें डायलॉग के कुछ वर्जन खराब और आपत्तिजनक हैं। वास्तविक जिंदगी में माता-पिता के बीच ऐसे संवाद कभी नहीं रहे।
एडवोकेट वारसी ने तर्क रखे कि एक तरफ तो कहते हैं कि शाहबानो बेगम ने संघर्ष किया था। खासकर महिला होकर, जबकि उस समय महिला सशक्तीकरण इतना मजबूत नहीं था, जितना आज है। उन्होंने पति से अधिकार की लड़ाई लड़ी। धर्म के पहलू का ध्यान रखा और कोर्ट से खुद का अधिकार हासिल किया।
इस तरह उनकी छवि को अच्छे से दर्शाया है, लेकिन डायलॉग उनकी प्रतिष्ठा को काफी ठेस पहुंचाते हैं। फिल्म के डायलॉग परिवार की प्रतिष्ठा को धूमिल करते हैं, वह भी तब जब शाहबानो इस दुनिया में नहीं हैं।
