नई दिल्ली। पहली बार विमेंस वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने टीम को ऐतिहासिक जीत की बधाई दी और कहा कि लगातार तीन हार और सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बावजूद टीम ने जिस मजबूती से वापसी की, वह प्रेरणादायक है।
टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि 2017 में जब वे प्रधानमंत्री से मिली थीं, तब उनके हाथ में ट्रॉफी नहीं थी, लेकिन इस बार वर्ल्ड कप जीतकर ट्रॉफी के साथ मिलने का सपना पूरा हुआ। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा— “हम चाहेंगे कि ट्रॉफी के साथ बार-बार उनसे मिलें।”
वहीं उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को मोटिवेट किया और उनके शब्द टीम के लिए बड़ी प्रेरणा हैं।
इस दौरान BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास और टीम के कोच अमोल मजूमदार भी मौजूद रहे। बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान चोटिल हुईं प्रतिका रावल मुलाकात में व्हीलचेयर पर नजर आईं।
गौरतलब है कि भारतीय टीम ने 2 नवंबर को नवी मुंबई के DY पाटिल स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर इतिहास रच दिया था। यह भारत के महिला क्रिकेट इतिहास का पहला वनडे विश्व कप खिताब है।
