RCB की मालिक कंपनी यूनाइटेड स्पिरिट्स ने शुरू की टीम की रणनीतिक समीक्षा, अदर पूनावाला खरीद सकते हैं फ्रैंचाइजी

नई दिल्ली। यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (United Spirits Ltd), जो ब्रिटेन की दिग्गज कंपनी डिआजियो (Diageo) की भारतीय यूनिट है, अपनी आईपीएल और डब्ल्यूपीएल क्रिकेट टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की रणनीतिक समीक्षा करने जा रही है। कंपनी ने कहा है कि वह अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक इकाई रॉयल चैलेंजर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (RCSPL) में निवेश की समीक्षा प्रक्रिया शुरू कर रही है।

कंपनी ने बयान में कहा कि यह समीक्षा 31 मार्च 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है। समीक्षा प्रक्रिया में यह संभावना भी शामिल है कि यूनाइटेड स्पिरिट्स अपनी मशहूर टीम RCB को बेच सकती है, क्योंकि यह उसके गैर-मुख्य कारोबार (Non-core business) का हिस्सा है।

कंपनी का फोकस अब शराब कारोबार पर
यूनाइटेड स्पिरिट्स के प्रबंध निदेशक और CEO प्रवीन सोमेश्वर ने कहा कि कंपनी भारत में अपने मुख्य व्यवसाय यानी शराब उत्पादन और वितरण पर अधिक ध्यान केंद्रित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि RCSPL कंपनी के लिए एक मूल्यवान संपत्ति है, लेकिन यह उसके कोर बिजनेस का हिस्सा नहीं है। यह कदम कंपनी के पोर्टफोलियो को अधिक सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में उठाया गया है।

अदर पूनावाला दिखा रहे दिलचस्पी
मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के प्रमुख अदर पूनावाला RCB फ्रैंचाइजी खरीदने की योजना बना रहे हैं। संभावित डील की कीमत 1 से 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 10,600 करोड़ रुपये) बताई जा रही है। CNBC-TV18 के अनुसार, पूनावाला पूरी RCB टीम खरीदने में रुचि रखते हैं, केवल हिस्सेदारी में नहीं।

RCB की कमाई में गिरावट
वित्त वर्ष 2024-25 में RCB की कुल आय 21 प्रतिशत घटकर 504 करोड़ रुपये रह गई, जबकि लाभ 36 प्रतिशत गिरकर 140 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह यूनाइटेड स्पिरिट्स की कुल आय का लगभग 9 प्रतिशत हिस्सा है।

अगर डील होती है तो यह भारतीय खेल इतिहास की सबसे बड़ी फ्रैंचाइजी बिक्री में से एक हो सकती है। फिलहाल समीक्षा जारी है और अंतिम निर्णय आने में अभी समय है।