रायपुर 06 नवंबर 2025 : अग्रवाल समाज ने ‘दाऊ कल्याण सिंह अग्रवाल’ के नाम से अगले साल राज्य अलंकरण शुरू करने की मांग की है। समाज के केंद्रीय अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव से अनुरोध करते हुए कहा कि दाऊ कल्याण सिंह अग्रवाल ने 1 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि राज्य के विकास के लिए दी थी।
उनके नाम से अगले साल राज्य अलंकरण शुरू किया जाए। साथ ही उन्होंने 2025 में राज्य अलंकरण पाए हुए सभी महानुभाव को बधाई दी। बिलासपुर के तरेंगा में सन 1876 में दाऊ कल्याण सिंह का जन्म हुआ था। उनके पिता बिसेसर नाथ प्रशासन और जनसेवा का काम करते थे। जब दाऊ कल्याण सिंह सिर्फ 27 साल के थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया। इस कम उम्र में उन्होंने अपने पिता का काम संभाला। उस समय उन्हें ब्रिटिश शासन की ओर से कई उपाधियां भी मिलीं।
