1xBet केस: सुरेश रैना और शिखर धवन की 11.14 करोड़ की संपत्ति ED ने अटैच की

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन की कुल 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है। एजेंसी का कहना है कि दोनों खिलाड़ियों ने ऑनलाइन बेटिंग एप 1xBet के प्रमोशन से हुई कमाई को निवेश और संपत्ति खरीद में इस्तेमाल किया था।

यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत की गई है। सूत्रों के अनुसार, रैना के 6.64 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश और धवन की 4.5 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त किया गया है। ईडी ने इन संपत्तियों को “प्रोसीड्स ऑफ क्राइम” यानी अपराध से अर्जित धन बताया है।

इससे पहले सितंबर में ईडी ने 1xBet से जुड़े प्रमोशन मामले में कई खिलाड़ियों और फिल्मी हस्तियों से पूछताछ की थी, जिनमें युवराज सिंह, सुरेश रैना, रॉबिन उथप्पा, शिखर धवन, सोनू सूद, मिमी चक्रवर्ती और अंकुश हाजरा के नाम शामिल हैं। एजेंसी ने इनके बयान PMLA की धारा 50 के तहत दर्ज किए थे।

जांच के दौरान इन हस्तियों से उनके बैंक अकाउंट और ट्रांजैक्शन की डिटेल्स भी मांगी गईं, जिससे यह पता चला कि उन्हें विज्ञापन फीस किस माध्यम से मिली। ईडी ने बताया कि कुछ और खिलाड़ियों और अभिनेताओं से पूछताछ अभी बाकी है।

जानकारी के मुताबिक, एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला, जो 1xBet की इंडिया एंबेसडर हैं, को भी ईडी ने समन भेजा था, लेकिन उस समय वह विदेश में होने के कारण पेश नहीं हुईं।

एजेंसी के अधिकारियों के अनुसार, जब्ती आदेश को अब PMLA एडजुडिकेटिंग अथॉरिटी के पास भेजा जाएगा। अदालत की अनुमति मिलने के बाद इस मामले में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

👉 क्या है 1xBet मामला:
1xBet एक ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म है, जिस पर सट्टेबाजी से जुड़ी कई अवैध गतिविधियों के आरोप हैं। भारत में यह प्लेटफॉर्म बैन है, लेकिन कथित तौर पर इसके प्रमोशन के लिए कुछ खिलाड़ियों और सेलिब्रिटीज ने विज्ञापन किए थे। ईडी इसी आर्थिक लेनदेन की जांच कर रही है।