मंडला। डिंडोरी और छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे क्षेत्रों में बुधवार रात जंगली हाथियों का एक झुंड मंडला जिले की सीमा में प्रवेश कर गया है। हाथियों की मौजूदगी की पुष्टि कान्हा टाइगर रिजर्व के फेन अभ्यारण्य क्षेत्र में हुई है। इसके बाद वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।
बिछिया वन परिक्षेत्र के एसडीओ (वन) चंद्रिका सिंह ने बताया कि मंगलवार को डिंडोरी जिले के दक्षिणी समनापुर रेंज के झामुल बीट में हाथियों के देखे जाने की जानकारी मिली थी। यह क्षेत्र मंडला जिले के मवई वन परिक्षेत्र से करीब 12 किलोमीटर दूर है। बुधवार को हाथियों की लोकेशन चेन्द्रा दादर के आसपास दर्ज की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार झुंड में 11 हाथी थे, हालांकि अब तक केवल 4 हाथियों को ही देखा जा सका है।
मवई की रेंजर साधना चौहान ने बताया कि बुधवार रात तक हाथियों की अंतिम लोकेशन कान्हा बफर क्षेत्र के साजल गान और सठिया के बीच थी। वन विभाग की टीम लगातार निगरानी रख रही है और ग्रामीणों को हाथियों के संपर्क में न आने की हिदायत दी गई है।
कान्हा टाइगर रिजर्व के असिस्टेंट डायरेक्टर (सिझोरा) आशीष पांडे ने बताया कि बुधवार रात को झुंड फेन अभ्यारण्य क्षेत्र में मौजूद था। पिछले रुझानों के आधार पर संभावना है कि यह झुंड आगे मवई या मोतीनाला क्षेत्र की ओर बढ़ सकता है। विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं और ग्रामीणों को अलर्ट रहने की सलाह दी जा रही है।
