शाहबानो केस पर आधारित फिल्म ‘हक’ की रिलीज पर रोक से हाईकोर्ट ने किया इनकार

इंदौर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने शाहबानो केस पर आधारित फिल्म ‘हक’ की रिलीज पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। अदालत ने गुरुवार को दिए अपने फैसले में कहा कि यह फिल्म किसी की निजता का हनन नहीं करती। इसके साथ ही अदालत ने शाहबानो की बेटी और कानूनी वारिस सिद्दिका बेगम खान की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें फिल्म की रिलीज, प्रदर्शन और प्रमोशन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई थी।

सिद्दिका बेगम ने अपनी याचिका में कहा था कि फिल्म निर्माताओं ने शाहबानो पर फिल्म बनाने से पहले उनकी कानूनी वारिस से अनुमति नहीं ली। साथ ही फिल्म में शरिया कानून की नकारात्मक छवि पेश की गई है, जिससे मुस्लिम समुदाय की भावनाएं आहत हो सकती हैं। इसको लेकर उन्होंने फिल्म के डायरेक्टर सुपर्ण एस. वर्मा, प्रोडक्शन हाउस जंगली पिक्चर्स, बावेजा स्टूडियोज और CBFC के चेयरपर्सन को कानूनी नोटिस भी भेजा था।

गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने इस मामले में 4 नवंबर को दो घंटे सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। फिल्म ‘हक’ 7 नवंबर को रिलीज होने वाली है।

फिल्म निर्माता जंगली पिक्चर्स की ओर से अधिवक्ता ऋतिक गुप्ता और अजय बगड़िया ने अदालत में दलील दी कि फिल्म एक काल्पनिक कथा पर आधारित है और इसका उद्देश्य किसी व्यक्ति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं है। अदालत ने इन तर्कों से सहमति जताते हुए याचिका को खारिज कर दिया।