प्रधानमंत्री मोदी 8 नवंबर को वाराणसी से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 नवंबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का दौरा करेंगे और चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि यह कदम देश के आधुनिक रेल नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह लगभग 8:15 बजे वाराणसी पहुंचेंगे और वंदे भारत ट्रेनों के चार नए रूटों — बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु — पर सेवा की शुरुआत करेंगे।

बयान में कहा गया कि यह पहल प्रधानमंत्री मोदी के उस विज़न को आगे बढ़ाती है जिसके तहत देश के नागरिकों को विश्वस्तरीय, तेज और आरामदायक रेल यात्रा का अनुभव मिले। इन नई ट्रेनों के शुरू होने से यात्रियों को यात्रा समय में बड़ी राहत मिलेगी और पर्यटन व क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।

बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस
यह ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज और चित्रकूट जैसे प्रमुख धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों को जोड़ेगी और खजुराहो तक की यात्रा को लगभग 2 घंटे 40 मिनट कम करेगी। इससे धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों को यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो तक आधुनिक और तेज़ सुविधा मिलेगी।

लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस
यह ट्रेन लगभग 7 घंटे 45 मिनट में यात्रा पूरी करेगी, जिससे यात्रियों को लगभग एक घंटे का समय लाभ मिलेगा। ट्रेन लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर जैसे शहरों को जोड़ेगी। यह रूट हरिद्वार तक पहुंच को भी आसान बनाएगा और पश्चिमी व मध्य उत्तर प्रदेश में तेज़ इंटरसिटी कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा।

फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस
यह इस मार्ग की सबसे तेज़ ट्रेन होगी, जो दिल्ली से फिरोजपुर की यात्रा 6 घंटे 40 मिनट में पूरी करेगी। ट्रेन पंजाब के प्रमुख शहरों — बठिंडा और पटियाला — को राष्ट्रीय राजधानी से जोड़ेगी। इससे व्यापार, पर्यटन और रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे तथा सीमावर्ती इलाकों के सामाजिक-आर्थिक विकास को बल मिलेगा।

एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस
दक्षिण भारत की यह नई ट्रेन यात्रा समय को दो घंटे से अधिक कम करेगी, जिससे सफर 8 घंटे 40 मिनट में पूरा होगा। यह रूट केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के प्रमुख आईटी, औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्रों को जोड़ेगा, जिससे आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

पीएमओ ने कहा कि इन चारों नई ट्रेनों की शुरुआत देश के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात है, जो न केवल यात्रा अनुभव को बेहतर बनाएगी बल्कि देशभर में क्षेत्रीय विकास और कनेक्टिविटी को भी नई दिशा देगी