रिलायंस जियो के शेयर बाजार में उतरने की तैयारी तेज, ₹14 लाख करोड़ तक हो सकती है वैल्यूएशन

मुंबई। एशिया के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी की दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो अब शेयर बाजार में कदम रखने की दिशा में तेजी से बढ़ रही है। सूत्रों के मुताबिक, कंपनी बैंकर्स के साथ आईपीओ (IPO) को लेकर चर्चा के अंतिम चरण में है। अनुमान है कि जियो की वैल्यूएशन 130 अरब डॉलर से 170 अरब डॉलर (लगभग ₹10.8 लाख करोड़ से ₹14 लाख करोड़) के बीच तय की जा सकती है।

अगर यह मूल्यांकन तय होता है तो जियो भारत की टॉप तीन सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल हो जाएगी, जो भारती एयरटेल (₹12.7 ट्रिलियन) को भी पीछे छोड़ सकती है। फिलहाल, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ₹20 ट्रिलियन के बाजार पूंजीकरण के साथ देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है।

2006 के बाद रिलायंस की पहली बड़ी लिस्टिंग

रिलायंस जियो का आईपीओ, 2006 के बाद रिलायंस ग्रुप की पहली बड़ी सार्वजनिक पेशकश होगी। इससे पहले कंपनी ने रिलायंस पेट्रोलियम लिमिटेड को बाजार में उतारा था। शुरुआती अनुमानों के अनुसार, यह आईपीओ 6 अरब डॉलर (करीब ₹50,000 करोड़) तक जुटा सकता है, जो भारत के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ साबित हो सकता है।

हालांकि, नई लिस्टिंग नियमावली के तहत इतनी बड़ी कंपनियों को न्यूनतम ₹15,000 करोड़ के शेयर जारी करने होंगे और केवल 2.5% इक्विटी डाइल्यूट करनी होगी। ऐसे में अगर जियो को 170 अरब डॉलर की ऊपरी वैल्यूएशन मिलती है, तो कंपनी लगभग ₹36,000 करोड़ (4.3 अरब डॉलर) जुटा सकती है।

चर्चा अभी जारी

सूत्रों ने बताया कि आईपीओ से जुड़ी बातचीत अभी जारी है और कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। रिलायंस इंडस्ट्रीज की ओर से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।

जियो बनाम एयरटेल

सितंबर 2025 के आंकड़ों के अनुसार, जियो के पास 50.6 करोड़ ग्राहक हैं, जबकि भारती एयरटेल के पास करीब 45 करोड़ सब्सक्राइबर हैं। जियो का एवरेज रेवेन्यू प्रति यूजर (ARPU) ₹211.4 रहा, जबकि एयरटेल का ₹256 रहा।

अंबानी की रणनीति

मुकेश अंबानी ने अगस्त 2025 में संकेत दिया था कि जियो का आईपीओ 2026 की पहली छमाही में लाया जा सकता है। यह घोषणा उस दिशा में एक ठोस कदम मानी जा रही है, जिसकी शुरुआत उन्होंने 2019 में की थी। गौरतलब है कि 2020 में फेसबुक (Meta) और गूगल (Alphabet) जैसी वैश्विक टेक दिग्गज कंपनियों ने मिलकर जियो में ₹83,000 करोड़ का निवेश किया था।