कंधमाल (ओडिशा)। ओडिशा के खतरनाक कलिंगा घाटी क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बरगढ़ से बरहमपुर जा रही एक यात्री बस सुबह करीब 4:20 बजे अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ‘श्रीराम’ नामक यात्री बस (OD 05F 0629) गुरुवार रात बरगढ़ से रवाना हुई थी और उसे शुक्रवार सुबह तक बरहमपुर पहुंचना था। लेकिन रास्ते में कलिंगा घाटी के धनारकोट के पास एक तीखे मोड़ पर चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस सड़क किनारे लगे सुरक्षा डिवाइडर से टकराकर पलट गई और घाटी की ओर जा गिरी।
हादसे के वक्त बस में कुल 24 यात्री सवार थे। कई यात्री रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर उतर चुके थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही घुमसर उदयगिरि पुलिस, दमकल विभाग और भंजनगर फायर यूनिट मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल घुमसर उदयगिरि और भंजनगर अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ यात्रियों की हालत गंभीर है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कलिंगा घाटी की सड़के बेहद संकरी और खतरनाक हैं। यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा उपायों में सुधार नहीं हुआ है। हाल के महीनों में इस क्षेत्र में कई बस और ट्रक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक तेज गति और घाट के तीखे मोड़ इस हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है।
