कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सीएएफ (सेंट्रल आर्म्ड फोर्सेज) के जवान शंकरलाल नाग की मौत हो गई। हादसा 6 नवंबर की रात फरसगांव थाना क्षेत्र के गुलबापारा इलाके में हुआ, जब उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में शंकरलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बड़े भाई सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, शंकरलाल नाग उरांदाबेड़ा थाने में आरक्षक के पद पर तैनात थे। वह अपने बड़े भाई के साथ ग्राम कोहकामेटा में आयोजित एक पारिवारिक शोक कार्यक्रम से लौट रहे थे। रात करीब साढ़े आठ बजे जब वे राष्ट्रीय राजमार्ग NH-30 से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रहे लकड़ी से लदे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन शंकरलाल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना स्थल से सामने आई एक तस्वीर ने हर किसी को झकझोर दिया—इसमें बड़ा भाई अपने छोटे भाई के शव पर सिर रखकर रोते हुए नजर आ रहा है।
सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ट्रक और चालक की पहचान के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने हादसे पर गहरा दुख जताया है और NH-30 पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग की है। शंकरलाल नाग की असमय मृत्यु से परिवार और विभाग में शोक का माहौल है।
