रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक आगामी 14 नवंबर 2025, शुक्रवार को सुबह 11 बजे मंत्रालय (महानदी भवन), अटल नगर, नवा रायपुर में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सरकार की कई महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
अधिकारियों के अनुसार, बैठक में मुख्य रूप से आगामी धान खरीदी सीजन की अंतिम समीक्षा की जाएगी। खरीदी केंद्रों की तैयारियों, परिवहन व्यवस्था और किसानों को भुगतान की प्रगति पर विस्तृत रिपोर्ट पेश की जा सकती है। मुख्यमंत्री साय इस दौरान संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दे सकते हैं, ताकि किसानों को खरीदी का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तारीख तय करने पर भी चर्चा होने की संभावना है। अधिकारियों का कहना है कि यह सत्र नवंबर के आखिरी सप्ताह या दिसंबर के पहले सप्ताह में आयोजित किया जा सकता है। इसके अलावा, राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं और जनहित घोषणाओं की प्रगति पर भी समीक्षा होगी।
गौरव दिवस की तैयारियों पर चर्चा
कैबिनेट बैठक में जनजाति गौरव दिवस के आयोजन की तैयारियों पर भी विचार किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ आगमन की संभावना है। ऐसे में उनके कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था और स्वागत समारोह की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है।
इसके अलावा, बैठक में वित्त विभाग से जुड़ी नीतियों, ग्रामीण विकास योजनाओं और शिक्षा विभाग के प्रस्तावों को मंजूरी दी जा सकती है। बैठक में मुख्यमंत्री साय राज्य के विकास कार्यों को गति देने और जनहित से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दे सकते हैं।
