छत्तीसगढ़ सरकार फिर देगी बिजली बिल में राहत, अब 200 यूनिट तक आधा बिल करने की तैयारी

रायपुर। आम जनता को महंगाई से राहत देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार एक बार फिर बिजली बिल हाफ योजना में बड़ा बदलाव करने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संकेत दिए हैं कि अब 100 यूनिट के बजाय 200 यूनिट तक बिजली बिल आधा किया जा सकता है। इससे राज्य के करीब 14 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को सीधी राहत मिलेगी।

सूत्रों के मुताबिक, बिजली विभाग ने योजना में संशोधन का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री सचिवालय को भेज दिया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही इसका औपचारिक ऐलान किया जा सकता है।

नए प्रस्ताव के लागू होने पर घरेलू उपभोक्ताओं का मासिक बिजली बिल 800 से 900 रुपये की जगह सिर्फ 420 से 435 रुपये तक रह जाएगा।

गौरतलब है कि 1 अगस्त 2025 को सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना में बड़ा बदलाव किया था। तब पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के समय लागू 400 यूनिट की सीमा घटाकर 100 यूनिट कर दी गई थी। इस फैसले के बाद लाखों उपभोक्ताओं का बिल लगभग दोगुना हो गया था, जिससे जनता में नाराजगी देखने को मिली थी।