चुनावी ड्यूटी पर जा रहे आईटीबीपी जवानों की बस में लगी आग, हादसे में बाल-बाल बचे सभी जवान

हाजीपुर। नालंदा से सीतामढ़ी विधानसभा चुनाव कराने जा रहे आईटीबीपी के जवानों की बस में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। हादसा हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र के बीएसएनएल गोलंबर के पास सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई, लेकिन जवानों की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के मुताबिक, नालंदा में चुनाव ड्यूटी पूरी करने के बाद आईटीबीपी के जवान एक बस में सवार होकर सीतामढ़ी जा रहे थे। इसी दौरान रामाशीष चौक से पहले बीएसएनएल गोलंबर के पास बस के आगे वाले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी को साइड में लगाकर सभी जवानों को नीचे उतरने का निर्देश दिया।

जवानों ने फुर्ती दिखाते हुए बस से सारे जरूरी सामान को बाहर निकाल लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। कुछ ही देर में आग बुझा दी गई, जिससे बस पूरी तरह जलने से बच गई।

घटना की वजह से हाजीपुर-छपरा मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई। जवानों ने फोन करके दूसरी बस मंगवाई और सीतामढ़ी की ओर रवाना हो गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जवान समय पर बस से नहीं उतरते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।