खैरागढ़। जिले के छुईखदान थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव के एक कुएं से दो मासूम बच्चों के शव मिले। मृतकों की पहचान झुरानदी गांव के 3 वर्षीय करण वर्मा और उसकी डेढ़ साल की बहन के रूप में हुई है। बहन के मुंह और गले पर रुमाल बंधा मिला है, जिससे हत्या की आशंका गहराई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 बजे गजानंद वर्मा के बेटे और बेटी घर के पास खेल रहे थे। कुछ देर बाद दोनों अचानक लापता हो गए। परिजनों ने आसपास खोजबीन शुरू की, तभी कुएं में बड़े बेटे का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कुएं का पानी मोटर पंप से निकलवाया, जिसके बाद दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले गए। बच्ची का शव कुएं के आखिरी छोर में मिला। बताया जा रहा है कि मृत बच्ची की एक जुड़वां बहन भी है, जो उस समय घर पर थी।
फिलहाल पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए छुईखदान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
छुईखदान थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। हत्या या किसी अन्य कारण की पुष्टि रिपोर्ट के बाद ही की जाएगी।
