रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 10 और 11 नवंबर को दो दिवसीय गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस यात्रा के दौरान वे गुजरात मॉडल की प्रमुख योजनाओं, तकनीकी नवाचारों और निवेश नीतियों का अध्ययन करेंगे।
मुख्यमंत्री साय सबसे पहले गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। दोनों राज्यों के बीच शासन, प्रौद्योगिकी और निवेश सहयोग को लेकर चर्चा होगी।
गुजरात प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय गुजरात सरकार की डैशबोर्ड जन शिकायत निवारण प्रणाली और गुजरात इन्वेस्टमेंट पॉलिसी की कार्यप्रणाली को करीब से समझेंगे। उनका उद्देश्य इन सफल मॉडलों को छत्तीसगढ़ में लागू करने की संभावनाओं का मूल्यांकन करना है।
साय NAMTECH ग्लोबल स्किल कॉलेज का भी दौरा करेंगे, जहां वे युवाओं के कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ी व्यवस्थाओं का अध्ययन करेंगे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री साबरमती रिवर फ्रंट और केवडिया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भी दौरा करेंगे। माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ की सौंदर्यीकरण और पर्यटन परियोजनाओं के लिए गुजरात के इन मॉडल्स से प्रेरणा ली जा सकती है।
दूसरे दिन, 11 नवंबर को मुख्यमंत्री साय भारत पर्व कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद वे CM इन्वेस्टर्स कनेक्ट कार्यक्रम में भाग लेकर गुजरात के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस दौरे का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में बेहतर शासन, निवेश प्रोत्साहन और पर्यटन विकास के लिए सफल मॉडलों का अनुभव प्राप्त करना है।
