पटना। दानापुर दियारा के अकिलपुर थाना क्षेत्र के मानस नया पानापुर 42 पट्टी में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। इंदिरा आवास योजना के तहत बने एक मकान की छत गिरने से गृहस्वामी सहित एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक बबलू खान (32) अपनी पत्नी रौशन खातून (30) और तीन बच्चों — रूक्शार (12), मोहम्मद चांद (10) और चांदनी (2) के साथ मकान में रह रहे थे। रविवार की रात करीब दस बजे जब सभी परिवारजन घर में सो रहे थे, तभी अचानक मकान की छत भरभराकर गिर गई।
हादसे में पूरा परिवार मलबे में दब गया। स्थानीय लोगों ने आवाज सुनकर बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाया गया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।
पूर्व प्रमुख सीपी सिंह ने बताया कि यह मकान इंदिरा आवास योजना के तहत बनाया गया था। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से मातम का माहौल है।
