मुकेश अंबानी बनाएंगे तिरुमला में देश का सबसे बड़ा हाई-टेक रसोईघर, रोजाना दो लाख श्रद्धालुओं को मिलेगा भोजन

तिरुपति। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने तिरुमला में एक अत्याधुनिक रसोईघर (किचन) बनाने की घोषणा की है, जो हर दिन लाखों श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराएगा। यह रसोईघर श्री वेंकटेश्वर अन्न प्रसादम ट्रस्ट के तहत स्थापित किया जाएगा।

इस परियोजना की प्रारंभिक लागत लगभग 50 करोड़ रुपये आंकी गई है और इसका लक्ष्य प्रतिदिन दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार करना है। यह देश के सबसे बड़े भोजन वितरण केंद्रों में से एक होगा।

यह पूरा प्रोजेक्ट तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) और आंध्र प्रदेश सरकार के सहयोग से किया जाएगा। रिलायंस अधिकारियों के मुताबिक, इस रसोईघर में हाई-टेक ऑटोमेशन सिस्टम लगाए जाएंगे, ताकि भोजन पूरी तरह स्वच्छ, पौष्टिक और कुशलता से तैयार किया जा सके।

मुकेश अंबानी हाल ही में रविवार सुबह तिरुमला पहुंचे थे, जहां उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किए और मंदिर प्रशासन के साथ परियोजना को लेकर चर्चा की।

रिलायंस की ओर से जारी बयान में कहा गया, “तिरुमला आस्था, करुणा और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है। इस प्रयास के माध्यम से हम मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के उस संकल्प को आगे बढ़ाना चाहते हैं, जिसके तहत अन्न सेवा की परंपरा सभी TTD मंदिरों तक पहुंचे।”

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य “अन्न सेवा” को सशक्त बनाना है, ताकि कोई भी भक्त भूखा न रहे।

तिरुमला दर्शन के बाद मुकेश अंबानी केरल के गुरुवायूर मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध श्रीकृष्ण मंदिर में दर्शन किए और 5 करोड़ रुपये का दान दिया।

इसी अवसर पर उन्होंने ‘यात्री एवं वरिष्ठ सेवा सदन’ बनाने की भी घोषणा की। यह सदन 100 से अधिक कमरों वाला होगा, जिसमें दूर-दराज से आने वाले वृद्ध श्रद्धालुओं के लिए आवास, 24 घंटे चिकित्सा इकाई, नर्सिंग व फिजियोथेरेपी सेंटर, सत्संग सभागार और सात्विक भोजनालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

यह परियोजना अंबानी परिवार की धार्मिक और सामाजिक सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने वाला एक और बड़ा कदम मानी जा रही है।