कटगी क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहा रेत खनन, प्रशासन मौन सुबह 3 बजे से शुरू हो जाती है ट्रैक्टरों की रेत सप्लाई, कसडोल विकासखंड के कटगी क्षेत्र का मामला

बलौदाबाजार। कसडोल विकासखंड के अंतर्गत आने वाले कटगी क्षेत्र में इन दिनों अवैध रेत खनन खुलेआम जारी है। रात ढलते ही यहां ट्रैक्टरों की कतारें लग जाती हैं और सुबह 3 बजे से ही रेत की सप्लाई शुरू हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि रोजाना दर्जनों ट्रैक्टर बिना किसी रोक-टोक के नदी घाटों से रेत निकाल रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में रेत की अवैध निकासी से जहां नदी का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ रहा है, वहीं सड़कें भी ट्रैक्टरों की आवाजाही से बदहाल हो गई हैं। कई बार ग्रामीणों ने इसकी शिकायत राजस्व और खनिज विभाग के अधिकारियों से की, लेकिन प्रशासन की चुप्पी सवाल खड़े कर रही है।

जानकारी के अनुसार, कटगी और आसपास के गांवों से रेत को गाँव- गांव तक सप्लाई किया जा रहा है। कई ट्रैक्टरों पर न तो नंबर प्लेट होती है और न ही कोई अनुमति पत्र, जिससे स्पष्ट है कि खनन पूरी तरह अवैध है।