बालाघाट में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात: प्रेम प्रसंग में युवती की गला रेतकर हत्या, वीडियो वायरल — लोग देखते रहे, कोई बचाने नहीं आया

बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले से मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आमगांव में दिनदहाड़े एक युवक ने 23 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या कर दी। यह पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई। मौके पर मौजूद लोग वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने युवती को बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई।

घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बैहर थाना क्षेत्र के आमगांव फाटा की है। मृतका की पहचान ऋतु भंडारकर (23) के रूप में हुई है, जो बैहर में एक फर्नीचर की दुकान में काम करती थी। वह रोजाना गांव से बस से बैहर आती-जाती थी। मंगलवार को भी वह बस का इंतजार कर रही थी, तभी आरोपी वहां पहुंचा।

 कुछ देर बातचीत के बाद वारदात

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक बाइक से लिफ्ट लेकर आया था। उसने ऋतु से कुछ देर बातचीत की, फिर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। अचानक युवक ने जेब से चाकू निकाला और ऋतु के गले पर वार कर दिया। युवती लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गई, लेकिन आरोपी ने वार जारी रखा।

“5 साल से मेरे साथ थी…” — आरोपी ने हत्या का कारण बताया

घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने जब आरोपी से पूछा कि वह लड़की को क्यों मार रहा है, तो आरोपी बोला —

“5 साल से मेरे साथ थी… साथ में जीना-मरना सब कुछ था… अब धोखा दे रही है। अपने दोस्तों के साथ मिलकर मुझे मरवाने के लिए लड़के भेजे थे।”

एक महिला ने जब कहा कि “लड़की की जान क्यों ले रहे हो?”, तो आरोपी बोला —

“जान बच जाएगी उसकी… पुलिस को बुलाओ और इसको लेकर जाओ।”

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस और बैहर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एएसपी आदर्श कांत शुक्ला ने बताया कि “प्रेम प्रसंग में हत्या की वारदात हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है।”

ग्रामीणों में आक्रोश, लोग बोले — “सबके सामने हत्या हुई, कोई रोक नहीं पाया”

घटना के बाद आमगांव और आसपास के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि दर्जनों लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन किसी ने युवती को बचाने की कोशिश नहीं की। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और हालात काबू में हैं।

यह वारदात समाज को झकझोर देने वाली है — जहां प्रेम, धोखे और भीड़ की खामोशी ने एक मासूम की जान ले ली।