रायपुर में नकली आरओ वाटर प्लांट का भंडाफोड़ — कोचिंग क्लास की आड़ में चल रहा था केमिकल पैकिंग का अवैध कारोबार, निगम ने किया सील

रायपुर। राजधानी के शंकर नगर इलाके में कोचिंग क्लास के बोर्ड के पीछे नकली आरओ वाटर प्लांट और केमिकल पैकेजिंग यूनिट चल रही थी। नगर निगम की टीम ने जब छापा मारा, तो अंदर का पूरा सच सामने आ गया। गोरखा कॉलोनी स्थित “स्टार ट्रेडिंग कंपनी” नाम से बिना अनुमति के यह कारोबार संचालित किया जा रहा था। निगम ने मौके पर ही यूनिट को सील कर दिया।

शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई

स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि कॉलोनी के एक मकान में दिन-रात मशीनों की आवाज और बदबू आ रही है। लोगों को शक था कि वहां पानी पैकेजिंग और केमिकल मिक्सिंग का अवैध काम चल रहा है। शिकायत पर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।

टीम ने की छापेमारी

जोन-3 कमिश्नर प्रीति सिंह के नेतृत्व में कार्यपालन अभियंता सुशील मोडेस्टस, सहायक अभियंता नरेश साहू और उप अभियंता अक्षय भारद्वाज की टीम ने शुक्रवार को मौके पर दबिश दी। निरीक्षण में पाया गया कि परिसर के अंदर आरओ वाटर फिल्टरिंग और केमिकल पैकिंग की यूनिट चालू हालत में थी, जबकि बाहर कोचिंग क्लास का बोर्ड लगा हुआ था ताकि लोगों को शक न हो।

बिना अनुमति और सुरक्षा मानक के चल रहा था काम

जांच में खुलासा हुआ कि कंपनी संचालक यश वर्मा ने इस कारोबार के लिए न तो नगर निगम से अनुमति ली थी, न ही कोई औद्योगिक या स्वच्छता लाइसेंस। परिसर में सुरक्षा और स्वच्छता के मानक भी पूरी तरह से नजरअंदाज किए गए थे।

निगम ने की सख्त कार्रवाई

नगर निगम की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरओ प्लांट और केमिकल पैकेजिंग यूनिट को सील कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

निगम की चेतावनी

निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आवासीय इलाकों में बिना अनुमति औद्योगिक कार्य करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों से भी अपील की गई है कि ऐसे मामलों की तुरंत शिकायत करें, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा और स्वच्छता बनी रहे।