पं. सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. भुवन सिंह राज सस्पेंड..

बिलासपुर 12 नवंबर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पं. सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. भुवन सिंह राज को उच्च शिक्षा विभाग ने सस्पेंड कर दिया है। यूनिवर्सिटी में 8 पदों पर भर्ती में गड़बड़ी को लेकर विधानसभा में पूछे गए सवाल पर उन्होंने भ्रामक जानकारी दी, जिसके चलते ये कार्रवाई की गई है।

सस्पेंशन ऑर्डर जारी होने के साथ ही कुलपति प्रो. वीके सारस्वत ने रजिस्ट्रार को कार्यमुक्त कर दिया है। उनकी जगह परीक्षा नियंत्रक डॉ. मनीष साव को प्रभारी रजिस्ट्रार बनाया गया है।

दरअसल, ओपन यूनिवर्सिटी में तत्कालीन कुलपति डॉ. वंशगोपाल ने उच्च शिक्षा विभाग से 8 पदों स्वीकृत कराया था। जिसमें सहायक क्षेत्रीय निदेशक के 3 पद, सिस्टम एनालिस्ट के 1, प्रोग्रामर के 1, छात्र कल्याण अधिकारी के 1, सहायक छात्र कल्याण अधिकारी के 1 और जनसंपर्क अधिकारी के 1 पद शामिल हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू हुई, तब अनियमितता के आरोप लगे।

इसके बाद भी विधानसभा चुनाव के ठीक पहले सभी उम्मीदवारों को नियुक्ति दे दी है। लोगों से मिली शिकायत के आधार पर अकलतरा विधायक डॉ. राघवेंद्र कुमार सिंह ने मार्च 2025 के विधानसभा सत्र में यूनिवर्सिटी में भर्ती की गड़बड़ी को लेकर सवाल उठाया था। इसमें उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी और अपात्र को नौकरी देने को लेकर जानकारी मांगी थी।

स मामले में उच्च शिक्षा विभाग ने ओपन ​यूनिवर्सिटी से जवाब मांगा था। इसका जवाब कुलसचिव डॉ. भुवन सिंह राज ने दिया। उस जानकारी को गलत और भ्रामक माना गया। इस मामले में उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। डॉ. राज ने जो जवाब दिया, उसे भी उच्च शिक्षा विभाग ने अमान्य कर दिया।

विधानसभा में गलत जानकारी देने पर 10 नवंबर को उच्च शिक्षा विभाग ने डॉ. राज को निलंबित कर दिया है। जिस पर मंगलवार को कुलपति प्रो. सारस्वत ने डॉ. राज को कार्यमुक्त कर कुलसचिव का अतिरिक्त प्रभार परीक्षा नियंत्रक डॉ. साव को दे दिया है।