बीजापुर 12 नवंबर 2025 : बीजापुर जिले में नक्सलियों के सफाए के लिए निकली फोर्स को बड़ी कामयाबी मिली है। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर पड़ने वाले नेशनल पार्क एरिया में जवानों की नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। इसमें 6 नक्सलियों को मार गिराया गया। मारे गए लोगों में नक्सलियों की मद्देड़ एरिया कमेटी का इंचार्ज भी शामिल है।
मारे गए सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग में मौके से ऑटोमेटिक हथियारों के साथ इंसास, स्टेन गन, प्वाइंट 303 राइफल, विस्फोटक सहित बड़े पैमाने पर नक्सली सामग्री बरामद की गई है।
जवानों का यह ऑपरेशन 5 दिन से चल रहा है। इससे एक दिन पहले ही सोमवार को मुठभेड़ स्थल से करीब 150 किमी दूर हिड़मा के गांव पूवर्ती में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा पहुंचे थे। उन्होंने हिड़मा की मां से अपील की थी कि वे बेटे से कहें कि वह सरेंडर कर मुख्यधारा में लौट आए। मारे गए नक्सलियों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। जवान अब भी नेशनल पार्क एरिया में डटे हुए हैं।
