बालोद-धमतरी बॉर्डर…में क्रेटा कार की सीट के नीचे बने सीक्रेट लॉकर में मिला ₹3 करोड़ नकद

छत्तीसगढ़ पुलिस ने बालोद और धमतरी जिले की सीमा पर बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध कार (MH 04 MA 8035) को पकड़ा। जब कार की जांच की गई तो पुलिस को नोटों के बंडल से भरी सीटें मिलीं। अनुमान लगाया जा रहा है कि कार से 3 करोड़ रुपए से अधिक की नकदी बरामद हुई है। कार में नकदी छिपाने के लिए सीटों के नीचे विशेष लॉकर बनाया गया था। जांच में खुलासा हुआ है कि कार रायपुर से महाराष्ट्र की ओर जा रही थी। पुलिस ने मौके से कार चालक सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की टीम मौके पर पहुंचकर नोटों की गिनती कर रही है। पुलिस को शक है कि बरामद रकम का संबंध हवाला कारोबार या टैक्स चोरी से हो सकता है।

बालोद पुलिस ने बताया कि उन्हें गोपनीय सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में नकदी को कार के माध्यम से ले जाया जा रहा है। इस पर पुलिस टीमों ने बालोद-धमतरी बॉर्डर पर नाकेबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध कार दिखी, जिसे रोककर जांच की गई। तलाशी में नोटों से भरे बंडल और सीटों के नीचे छिपा लॉकर मिला।

पुलिस ने बताया कि कार में मौजूद दोनों व्यक्तियों से पैसे के स्रोत और गंतव्य के बारे में पूछताछ की जा रही है। फिलहाल वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए हैं। पुलिस ने कार और नकदी जब्त कर ली है और मामले की जांच हवाला व मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से की जा रही है।