पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय  में अब जल्द ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) कोर्स शुरू होगा

रायपुर 13 नवंबर : पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय  में अब जल्द ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग  कोर्स शुरू हो सकता है। यूनिवर्सिटी को हाल ही में NAAC से ए+ ग्रेड मिला है। यूजीसी के नियमों के मुताबिक केवल ए या ए+ ग्रेड वाले विश्वविद्यालयों को ही ऐसे कोर्स संचालित करने की अनुमति होती है।

बीते दिनों हुई कार्यपरिषद की डिस्टेंस लर्निंग की 100वीं बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा की गई। बैठक में तय किया गया कि विश्वविद्यालय अब यूजीसी को औपचारिक आवेदन भेजेगा। अनुमति मिलने के बाद यह कोर्स अगले शैक्षणिक सत्र से शुरू किए जा सकते हैं।

ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग कोर्स में छात्रों को कक्षाओं में उपस्थित रहना अनिवार्य नहीं होता। पारंपरिक कोर्सों की तरह इसमें 75% उपस्थिति की बाध्यता नहीं है। छात्र घर बैठे डिग्री, डिप्लोमा या सर्टिफिकेट कोर्स में दाखिला लेकर अपनी पढ़ाई पूरी कर सकते हैं।

यह व्यवस्था खास तौर पर नौकरीपेशा और समयाभाव वाले छात्रों के लिए उपयोगी है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत हालांकि स्वाध्यायी छात्रों के लिए कुछ दिनों की कक्षाएं अनिवार्य की गई हैं, लेकिन यह संख्या बहुत सीमित है।

रविवि में पहले से ही हजारों छात्र नियमित कोर्सों में अध्ययनरत हैं। ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग शुरू होने से अधिक छात्रों को उच्च शिक्षा तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। साथ ही विवि को ऑनलाइन एजुकेशन प्लेटफॉर्म को मजबूत करने का मौका भी मिलेगा।