बिलासपुर में भागवत कथा के दौरान कथावाचक के बयान से बवाल, सतनामी समाज का आक्रोश – एफआईआर दर्ज

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चल रही भागवत कथा के दौरान कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज के बयान ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। महाराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वे सतनामी समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।

वायरल वीडियो में आशुतोष चैतन्य यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं —

> “छत्तीसगढ़ के तखतपुर में कितनी गायें कट रही हैं, आपको पता है? जो पहले सनातनी थे, वो आज सतनामी हो गए। उन मूर्खों को यह समझ नहीं आता कि सतनामी का मतलब क्या होता है। सत नाम केवल राम का है, और वे सतनामी होकर गायों को काट रहे हैं।”

 

इस बयान के बाद सतनामी समाज में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में समाज के लोग सड़कों पर उतर आए और तखतपुर थाने का घेराव कर कथावाचक की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी भी की।

विवाद बढ़ने पर पुलिस ने आशुतोष चैतन्य महाराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं, बढ़ते दबाव और विरोध के बीच महाराज ने एक नया वीडियो जारी कर अपने बयान पर खेद जताया है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।