आज होगी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कैबिनेट बैठक: धान खरीदी और हाफ बिजली बिल योजना पर होगी अहम समीक्षा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज (शुक्रवार) प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में यह बैठक सुबह 11 बजे से शुरू होगी। सरकार की कई अहम नीतिगत मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है, जिन्हें लेकर पूरे प्रदेश की नजरें इस बैठक पर टिकी हैं।

धान खरीदी पर बड़ा फैसला संभव

बैठक में सबसे अहम मुद्दा आगामी धान खरीदी से जुड़ा रहेगा। खरीदी व्यवस्था, केंद्रों की तैयारियों, परिवहन व्यवस्था और भुगतान प्रक्रिया को लेकर विस्तृत प्रगति रिपोर्ट पेश की जाएगी। सरकार धान खरीदी को सुचारू और व्यवस्थित रखने के लिए खास निर्देश जारी कर सकती है।

हाफ बिजली बिल योजना की अंतिम समीक्षा

प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना हाफ बिजली बिल को लागू करने की दिशा में भी अंतिम समीक्षा की जाएगी। बिजली विभाग द्वारा योजना से संबंधित प्रस्ताव, बजट प्रावधान और क्रियान्वयन मॉडल पर कैबिनेट में चर्चा होने की संभावना है।

अन्य नीतिगत फैसलों पर भी चर्चा

कैबिनेट की बैठक में अन्य नीतिगत विषयों और विभागीय प्रस्तावों पर भी निर्णय लिए जा सकते हैं। प्रशासनिक सुधार, वित्तीय स्वीकृतियां और जनता से जुड़े मुद्दों पर महत्वपूर्ण निर्णय आने की उम्मीद है।

आज की बैठक से कई बड़े फैसलों की उम्मीद जताई जा रही है, जो सीधे तौर पर किसानों और आम उपभोक्ताओं को राहत देने वाले हो सकते हैं।