रायपुर में 15 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी मैनेजर गिरफ्तार, 6 महीने से था फरार

रायपुर में करीब 15 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले कंपनी मैनेजर को पुलिस ने छह महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी संदीप कुमार कश्यप (40 वर्ष) कंपनी का सामान बिना बिल के बेचकर और ग्राहकों से मिली रकम अपने व्यक्तिगत खाते में ट्रांसफर कर हड़प लेता था। कंपनी की ओर से ऑडिट कराए जाने पर यह गड़बड़ी उजागर हुई।

ऐसे हुआ खुलासा
शिकायतकर्ता शिवम भूटानी ने 17 मई को खमतराई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रायपुर उरकुरा ब्रांच में पदस्थ संदीप कश्यप ग्राहकों से पेमेंट लेने के बाद उसे कंपनी खाते में जमा नहीं कर रहा था। साथ ही कंपनी का माल बिना बिल जारी किए बेचकर फरार हो गया था।

कैलाश नगर में घेराबंदी कर दबोचा
कई महीनों से फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगातार जुटी हुई थी। इसी दौरान कैलाश नगर, बीरगांव क्षेत्र में उसकी मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार भी कर लिया।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। संदीप कश्यप मूल रूप से उत्तरप्रदेश का रहने वाला है और हाल ही में उरकुरा, रायपुर में रह रहा था।