बिलासपुर जिले में सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल के बीच समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाए हैं। जिले के 140 उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रक्रिया बाधित न हो, इसके लिए आज नए कर्मचारियों को संपूर्ण प्रशिक्षण दिया गया।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान साफ निर्देश दिए कि किसानों को कतार, वजन या पंजीयन जैसी किसी भी प्रक्रिया में दिक्कत न हो। उन्होंने खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, समयबद्ध और व्यवस्थित रखने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि उपार्जन केंद्रों पर सभी सुविधाएं और व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि राज्य सरकार ने धान खरीदी की तिथि 15 नवंबर तय की थी, लेकिन सप्ताहांत में दो दिन छुट्टी होने के कारण अब जिले में धान खरीदी 17 नवंबर से प्रारंभ की जाएगी।
प्रशासन का दावा है कि कर्मचारियों की हड़ताल के बावजूद किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और खरीदी पूरी तरह सुचारू तरीके से चलेगी।
