ब्रेकिंग न्यूज़ — श्रीनगर नौगाम थाने में बड़ा धमाका, 9 की मौत, 29 घायल

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में शुक्रवार रात करीब 11:20 बजे नौगाम पुलिस स्टेशन में जोरदार विस्फोट हुआ। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत और 29 घायल होने की पुष्टि हुई है। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज 92 आर्मी बेस हॉस्पिटल और SKIMS सौरा में जारी है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

हादसा कैसे हुआ?

धमाका उस समय हुआ जब पुलिस व्हाइट कॉलर आतंकी मॉड्यूल मामले में जब्त विस्फोटक का सैंपल ले रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विस्फोटक तभी फट सकता है जब उसमें डेटोनेटर व फ्यूज लगाया जाए, या उसे किसी तरह ट्रिगर किया जाए। इसी वजह से आतंकी हमले की आशंका भी मजबूत मानी जा रही है।

जिम्मेदारी का दावा

जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े PAFF नामक आतंकी ग्रुप ने हमले की जिम्मेदारी का दावा किया है, लेकिन पुलिस ने इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं की है

बरामद विस्फोटक से जुड़ा मामला

यह वही विस्फोटक माना जा रहा है जो हरियाणा के फरीदाबाद में गिरफ्तार डॉ. मुजम्मिल गनई के किराए के घर से जब्त किया गया था। गनई, दिल्ली ब्लास्ट के बाद पकड़े गए 8 आतंकी मॉड्यूल के सदस्यों में शामिल है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या पूरा 360 किलो विस्फोटक थाने में रखा गया था या किसी हिस्से में तकनीकी चूक हुई।