बलौदाबाज़ार, 15 नवम्बर 2025। जिले में चल रहे निजी अस्पतालों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाया है। गंभीर अनियमितताओं के चलते आरोग्यम हॉस्पिटल सिमगा और ओमकार हॉस्पिटल बलौदाबाज़ार का आयुष्मान पंजीयन तीन माह के लिए निलंबित कर दिया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा दोनों अस्पतालों की जांच करवाई गई थी। जांच में कई गंभीर खामियाँ सामने आईं, जिसके बाद दोनों अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं होने पर पूरे मामले की रिपोर्ट राज्य कार्यालय भेजी गई, जहां से कार्रवाई की अनुशंसा की गई। इसके आधार पर राज्य नोडल एजेंसी ने दोनों अस्पतालों का पंजीयन सस्पेंड कर दिया है।
जांच में मिली प्रमुख कमियाँ
अस्पताल स्टाफ की योग्यता का उचित सत्यापन नहीं
आवश्यक मेडिकल उपकरणों की कमी
केस शीट एवं उपचार रजिस्टर में गंभीर गड़बड़ियाँ
आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली कमजोर
दवाइयों व उपचार प्रक्रियाओं की गलत प्रविष्टियाँ
कई आवश्यक सुविधाओं का अभाव
मरीजों की देखरेख में लापरवाही
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण उपचार में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित मापदंड पूरे न करने पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
