गलत अंग्रेजी पढ़ा रहा था सरकारी टीचर: ‘Nose’ को ‘Noge’, ‘Sunday’ को ‘Sanday’ लिखा—वीडियो वायरल

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के एक सरकारी स्कूल का हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक शिक्षक प्राथमिक कक्षा के बच्चों को अंग्रेजी की गलत स्पेलिंग पढ़ा रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शिक्षा विभाग हरकत में आया और संबंधित शिक्षक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

वीडियो में पढ़ाई जा रही गलत स्पेलिंग

वायरल वीडियो में टीचर प्रवीण टोप्पो, कोगवार प्राइमरी स्कूल में सहायक शिक्षक एलबी के रूप में पदस्थ हैं, ब्लैकबोर्ड पर दिनों के नाम, बॉडी पार्ट्स और रिश्तों के शब्दों की गलत स्पेलिंग लिखकर बच्चों को पढ़ाते दिख रहे हैं।

वीडियो में दिखाई देने वाली गलत स्पेलिंगें—

  • Nose → Noge

  • Ear → Eare

  • Eye → Iey

बच्चे शिक्षक की बात दोहराते हुए वही गलत स्पेलिंग बोल और लिख रहे हैं।

बुनियादी अंग्रेजी शब्द भी गलत

वीडियो यह भी दिखाता है कि शिक्षक को Father, Mother, Brother और Sister जैसे साधारण शब्दों की स्पेलिंग भी सही तरह से लिखनी नहीं आती। वह ब्लैकबोर्ड पर गलत तरीके से स्पेलिंग लिखकर बच्चों को रटवा रहे हैं, जिससे बच्चों की बुनियादी सीखने की नींव प्रभावित होने की आशंका है।

वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई

वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मनीराम यादव ने शिक्षक प्रवीण टोप्पो को नोटिस जारी कर तत्काल स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक स्तर पर गलत शिक्षा देना गंभीर लापरवाही है, और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।