सुकमा: पुलिस–नक्सली मुठभेड़ में 3 नक्सली ढेर, DRG का बड़ा ऑपरेशन सफल

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच रविवार सुबह एक बड़ी मुठभेड़ हुई। भेज्जी और चिंतागुफा थाना क्षेत्र के तुमालपाड़ जंगल में हुए इस एनकाउंटर में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों ने 3 नक्सलियों को मार गिराया है।

सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि भेज्जी–चिंतागुफा के जंगलों में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी है। उसी आधार पर DRG के जवान सर्च ऑपरेशन के लिए निकले थे। रविवार सुबह जैसे ही जवान तुमालपाड़ क्षेत्र में पहुंचे, वहां छिपे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

जवानों ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। करीब कुछ देर चली गोलीबारी में तीन नक्सली मारे गए। घटनास्थल से हथियार और नक्सली सामग्री मिलने की भी जानकारी है। क्षेत्र में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है।

अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता है, क्योंकि यह इलाका लंबे समय से नक्सलियों की गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है।