जांजगीर-चांपा जिले में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। गाली-गलौज से नाराज दोस्तों ने पहले युवक को डंडे से जमकर पीटा, फिर गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना चांपा थाना क्षेत्र के घोघरा नाला के पास की है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब पीते समय गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद
मृतक की पहचान रोहित महंत, निवासी चांपा, के रूप में हुई है। 15 नवंबर की रात करीब 8 बजे आरोपी सागर कर्ष अपने साथियों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान रोहित ने उसे गालियां दीं, जिससे गुस्से में आकर सागर ने रोहित को 3–4 थप्पड़ मारे। इसके बाद सागर वहां से चला गया।
साजिश के साथ फिर लौटे आरोपी
थोड़ी देर बाद सागर अपने दोस्तों — नागेश्वर नायडू, अश्वनी कुमार सतनामी, विजय श्रीवास, विनय कुर्रे और आकाश उर्फ अज्जू साहू — के साथ बैठा था। रात करीब 9:30 बजे रोहित फिर वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इससे आरोपी दोबारा भड़क गए और सभी ने मिलकर रोहित को मारने की योजना बना ली।
5 दोस्तों ने पकड़ा, सागर ने डंडे से सिर पर वार किया
गुस्साए दोस्तों ने रोहित पर हमला कर दिया।
-
नागेश्वर, अश्वनी, विजय, विनय और आकाश ने रोहित के हाथ-पैर पकड़कर रखा।
-
इस बीच सागर कर्ष ने डंडे से रोहित के सिर पर जोरदार वार किया।
वार लगते ही रोहित बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और वहां से फरार हो गए।
FIR के बाद सभी आरोपी गिरफ्तार
मर्डर की जानकारी मिलने पर चांपा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मामला दर्ज किया। सभी आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई और पुलिस ने छहों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
जांजगीर-चांपा SP विजय कुमार पांडेय के अनुसार शुरू में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्त पूछताछ में वारदात स्वीकार कर ली। सभी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की आगे जांच जारी है।
