छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश बॉर्डर पर सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त ऑपरेशन में जवानों ने 7 नक्सलियों को मार गिराया है, जिनमें तीन महिला नक्सली भी शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मारे गए नक्सलियों में पोलित ब्यूरो मेंबर और संगठन के महासचिव माने जाने वाले देवजी के भी शामिल होने की खबर है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
सुरक्षाबलों ने मौके से नक्सलियों के शव और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। सात में से चार नक्सलियों की पहचान हो चुकी है, जबकि तीन की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
उसी इलाके में दूसरी बड़ी मुठभेड़
18 नवंबर की सुबह जिस इलाके में कुख्यात नक्सली लीडर हिड़मा अपनी पत्नी समेत 6 साथियों के साथ मार गिराया गया था, उसी क्षेत्र में फिर से मुठभेड़ भड़की। सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला था कि शीर्ष नेतृत्व से जुड़े नक्सली देवजी इस इलाके में मौजूद है। इसके बाद सुरक्षाबलों ने सर्चिंग बढ़ाई और घने जंगलों में टार्गेटेड ऑपरेशन शुरू किया।
घने जंगलों में कॉम्बिंग जारी
यह मुठभेड़ आंध्रप्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के मारेडुमिल्ली के घने जंगलों में हुई। ऑपरेशन के बाद भी सुरक्षाबल इलाके में मौजूद हैं और व्यापक सर्च अभियान जारी है। क्षेत्र में नक्सलियों की बड़ी मौजूदगी के इनपुट के चलते जवान किसी भी संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
स्थानीय सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि लगातार दो दिनों से हो रही कार्रवाई से नक्सलियों के टॉप लीडरशिप पर बड़ा असर पड़ा है। हाल की मुठभेड़ों ने उनकी जंगल आधारित संरचना को गहरा नुकसान पहुंचाया है।
