नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा, गुरुवार को 10वीं बार लेंगे CM पद की शपथ

बिहार की सियासत में बड़ा फेरबदल हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अब वे गुरुवार को सुबह 11:30 बजे गांधी मैदान में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। दो मंच बनाए गए हैं और पीएम नरेंद्र मोदी समेत 11 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। समारोह में लगभग 150 विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।

इससे पहले बिहार विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में हुई बैठक में नीतीश कुमार को NDA विधायक दल का नेता चुना गया। इसी के साथ पटना स्थित बीजेपी ऑफिस में सुबह हुई बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया।

जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार के साथ सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा—दोनों डिप्टी सीएम भी शपथ ले सकते हैं। इधर JDU की विधायक दल की बैठक में भी नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से नेता चुना गया, जिससे सरकार गठन की प्रक्रिया साफ हो गई है।

बिहार में सत्ता के नए समीकरण के साथ कल का शपथ समारोह राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।